कबरीबाद पुलिस हमला कांड: प्राथमिकी अभियुक्त सौरभ कुमार गिरफ्तार, गया जेल




भास्कर न्यूज | गिरिडीह मुफस्सिल थाना क्षेत्र के कबरीबाद खान प्रबंधक कार्यालय के समक्ष पुलिस और प्रशासनिक टीम पर हुए हिंसक हमले के मामले में पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने मामले के नामजद प्राथमिकी अभियुक्त सौरभ कुमार को उसके शीतलपुर स्थित आवास से गिरफ्तार कर लिया है। आवश्यक पूछताछ के बाद शुक्रवार को उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। इस पूरे मामले का खुलासा सदर एसडीपीओ (SDPO) जीतवाहन उरांव ने मुफस्सिल थाना परिसर में आयोजित एक प्रेस वार्ता के दौरान किया। घटना के अगले दिन यानी 6 मई को मामला उस समय बेहद कूटनीतिक और संवेदनशील हो गया, जब पोस्टमार्टम हाउस से शव मिलने के बाद परिजनों और आक्रोशित लोगों ने उसे स्ट्रेचर पर ही रख लिया। भीड़ शव को लेकर सीधे कबरीबाद माइंस स्थित खान प्रबंधक कार्यालय के समक्ष पहुंच गई और उग्र प्रदर्शन करने लगी। प्रशासनिक अधिकारियों और पुलिस बल द्वारा समझाने-बुझाने के तमाम प्रयासों के बावजूद भीड़ हिंसक हो उठी और पुलिस पर ताबड़तोड़ पथराव शुरू कर दिया। इस जानलेवा पथराव में तत्कालीन साइबर डीएसपी आबिद खान, पुलिस अवर निरीक्षक विक्रम कुमार, नगर थाना के दो दारोगा सहित कई अन्य पुलिसकर्मी गंभीर रूप से घायल हो गए थे। इस उपद्रव के दौरान उपद्रवियों ने सरकारी संपत्ति को भी भारी नुकसान पहुंचाया था। इसके बाद कार्यपालक दंडाधिकारी के लिखित बयान पर मुफस्सिल थाने में पुलिस पर हमला करने और सरकारी कार्य में बाधा डालने का एक अलग मामला (प्राथमिकी) दर्ज किया गया था। मुफस्सिल थाना परिसर में आयोजित इस उच्चस्तरीय प्रेस वार्ता के दौरान सदर एसडीपीओ जीतवाहन उरांव के साथ मुख्य रूप से मुफस्सिल थाना प्रभारी श्याम किशोर महतो, नगर थाना प्रभारी रतन कुमार सिंह, पुलिस अवर निरीक्षक शैलेंद्र कुमार और विवेक कुमार माथुरी समेत कई अन्य पुलिस पदाधिकारी व सशस्त्र बल के जवान उपस्थित थे। एसडीपीओ ने साफ कहा कि कानून हाथ में लेने वाले और पुलिस पर हमला करने वाले अन्य आरोपियों को भी बख्शा नहीं जाएगा, उनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है। क्या है पूरा मामला सदर एसडीपीओ जीतवाहन उरांव ने बताया कि यह पूरा विवाद बीती 5 मई की देर शाम शुरू हुआ था। सीसीएल (CCL) की साइडिंग क्रेशर के पास सीसीएल कर्मियों और स्थानीय ग्रामीणों के बीच किसी बात को लेकर हिंसक झड़प हो गई थी। इस मारपीट में खंडीहा निवासी 26 वर्षीय युवक दिलीप दास गंभीर रूप से घायल हो गया था, जिसकी बाद में इलाज के दौरान मौत हो गई। मृतक की मां के आवेदन पर दर्ज प्राथमिकी के आधार पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पहले ही सीसीएल के सुरक्षा इंचार्ज राम सागर व सुरक्षा गार्ड अख्तर रजा को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *