गुमला में सांप काटने से छात्र की मौत:जमीन पर सो रहा था, झाड़-फूंक के चक्कर में इलाज में हुई देरी




गुमला जिले के रायडीह थाना क्षेत्र के रमजा कोब्जा गांव में बुधवार को सांप काटने से 11 वर्षीय छात्र जय मंगल सिंह की मौत हो गई। वह कवि राज सिंह का पुत्र था। मृतक छात्र के दादा माधो सिंह ने बताया कि जय मंगल उनके साथ जमीन पर सोया हुआ था। बुधवार सुबह करीब 4 बजे एक जहरीले सांप ने उसे काट लिया। जय मंगल ने खुद परिजनों को इसकी जानकारी दी। इसके बाद परिजनों ने स्थानीय ओझा-भगत को बुलाकर झाड़-फूंक से इलाज कराने का प्रयास किया। झाड़-फूंक में काफी समय बर्बाद हो गया। जय मंगल की हालत गंभीर हो चुकी थी। परिजन उसे सदर अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सक संजना प्रसाद ने उसे मृत घोषित कर दिया। जय मंगल सिंह बंदवा कोना उत्क्रमित प्राथमिक विद्यालय में कक्षा एक का छात्र था। इस घटना पर सदर अस्पताल के उपाधीक्षक अनुपम किशोर ने चिंता व्यक्त की। उन्होंने बताया कि ग्रामीण क्षेत्रों में सर्पदंश से मौत की खबरें अक्सर आती हैं और अधिकतर मामलों में जमीन पर सोने के कारण ऐसा होता है। उन्होंने ग्रामीणों से अपील की कि वे जमीन पर न सोएं, क्योंकि गर्मी में करैत जैसे जहरीले सांप अक्सर निकलते हैं। उपाधीक्षक ने अंधविश्वास में झाड़-फूंक में समय बर्बाद न करने और तुरंत अस्पताल पहुंचने की सलाह दी, ताकि समय पर इलाज मिल सके।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *