चेकडैम में नहाने गए युवक की डूबने से मौत



भास्कर न्यूज|गुमला सदर थाना क्षेत्र के कुलाबीरा पंचायत स्थित पोढ़ा पहान टोली चेकडैम में शुक्रवार दोपहर डूबने से युवक की मौत हो गई। जानकारी के अनुसार दोस्तों के साथ नहाने गया 18 वर्षीय युवक सन्नी कुमार सिंह पानी के तेज बहाव की चपेट में आ गया, जिससे उसकी मौत हो गई। मृतक टोटो का रहने वाला था। इस हादसे के बाद से पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है। शुक्रवार दोपहर करीब 2 बजे सन्नी अपने दोस्त मनीष कुमार, करन गोस्वामी, विष्णु कुमार, कुशल प्रजापति, विक्रम साहू व अन्य के साथ भीषण गर्मी से राहत पाने के लिए चेकडैम पहुंचा था। नहाने के दौरान सन्नी अचानक पानी के तेज बहाव और चक्रवाती भंवर की चपेट में आ गया। बताया जा रहा है कि ग्रामीणों ने चेकडैम में पानी रोकने के लिए एक बड़ा पाइप लगाया था। पानी का खिंचाव इतना जबरदस्त था कि सन्नी तेजी से उस पाइप की तरफ बहने लगा। ​प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दोस्तों ने सन्नी को डूबता देख उसे बचाने का पूरा प्रयास किया, लेकिन पानी की रफ्तार के आगे उनकी एक न चली। देखते ही देखते सन्नी कुछ ही सेकेंड में पाइप के भीतर समा गया।दोस्तों की चीख-पुकार सुनकर आसपास के ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंचे। पाइप के भीतर फँसे युवक को बाहर निकालने के लिए ग्रामीणों ने घंटों भारी मशक्कत की। काफी प्रयासों के बाद सन्नी को पाइप से बाहर तो निकाल लिया गया, लेकिन तब तक उसकी सांसें थम चुकी थीं।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *