छिंदवाड़ा में ट्रक की टक्कर से युवक की मौत:महिला गंभीर घायल, वाहन छोड़कर फरार हुआ चालक




छिंदवाड़ा के दमुआ मार्ग पर गुरुवार देर रात एक भीषण सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसके साथ बैठी महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। जानकारी के अनुसार कोलिया घाट के पास दमुआ की ओर तेज रफ्तार से जा रहे एक ट्रक ने सामने चल रही बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक चला रहे संदीप भन्नारे की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। वहीं बाइक पर सवार महिला गंभीर रूप से घायल हो गई, जिसे स्थानीय लोगों की मदद से तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। प्रारंभिक जानकारी में सामने आया है कि हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन मौके पर छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ट्रक जब्त कर चालक की तलाश में जुट गई है। परिजनों और स्थानीय लोगों के मुताबिक संदीप भन्नारे नीमढाना स्थित बंटी ढाबा एवं लॉन में आयोजित एक विवाह कार्यक्रम में शामिल होने जा रहा था। इसी दौरान कोलिया घाट के पास यह दर्दनाक हादसा हो गया। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच जारी है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *