छुट्टियों में संवरेंगे संस्कार… चर्चों में समर बाइबल पाठशालाएं चलेंगी



सिटी रिपोर्टर|रांची शहर के निजी स्कूलों में गर्मी की छुट्टियां शुरू हो चुकी हैं, जबकि सरकारी स्कूलों में भी इसी सप्ताह से अवकाश शुरू होने जा रहा है। छुट्टियों के इस मौसम में शहर के चर्चों में समर बाइबल वैकेशन स्कूल की तैयारियां तेज हो गई हैं। हर वर्ष की तरह इस बार भी विभिन्न चर्चों के यूथ विंग बच्चों के लिए विशेष बाइबल स्कूल आयोजित किए जाएंगे। पुरुलिया रोड स्थित संत मरिया महागिरजाघर, बहुबाजार के संत पॉल्स कैथेड्रल और मेन रोड के क्राइस्ट चर्च सहित कई चर्चों ने कार्यक्रम की तारीखों की घोषणा कर दी है। एक से दो सप्ताह तक चलने वाले इन बाइबल स्कूलों में बच्चों को बाइबल की शिक्षा, नैतिक मूल्यों और आध्यात्मिक जीवन की जानकारी दी जाएगी। साथ ही बच्चों के लिए गेम्स, आर्ट, एक्शन सॉन्ग, स्टोरी टेलिंग और अन्य मनोरंजक गतिविधियां भी आयोजित होंगी, जिससे छुट्टियों के दौरान सीखने और मनोरंजन का बेहतर माहौल तैयार हो सके। संत मरिया महागिरजाघर में बाइबल स्कूल 1 जून से : यूथ विंग की ओर से 1से 6 जून तक बाइबल स्कूल चले गा। कार्यक्रम संत जॉन स्कूल परिसर में होगा। इसमें केजी से 12वीं तक के बच्चे भाग ले सकेंगे। बाइबल स्कूल में बच्चों के लिए एक्शन सॉन्ग, बाइबल स्टोरी, आर्ट, गेम्स सहित कई मनोरंजक गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। सुबह 6.30 बजे से 10.30 बजे तक कक्षाएं चलेंगी। रजिस्ट्रेशन शुल्क 150 रुपए है। रांची यूथ फेलोशिप जीईएल चर्च की ओर से 24 मई से 6 जून तक अवकाशकालीन बाइबल पाठशाला का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम बेथेसदा बालिका हाईस्कूल में होगा। पाठशाला का समय हर दिन सुबह 6.30 बजे से 10.30 बजे तक निर्धारित किया गया है। इस वर्ष पाठशाला का थीम ‘फेलोशिप विद गॉड-ईश्वर के साथ संगति’ रखा गया है। इसमें दो वर्ष की आयु से लेकर ग्रेजुएशन तक के बच्चे और युवा भाग ले सकेंगे। कार्यक्रम के दौरान पेंटिंग, ग्रुप सॉन्ग, स्टोरी टेलिंग, स्पोर्ट्स समेत कई रचनात्मक और मनोरंजक गतिविधियां आयोजित होंगी। आयोजन को सफल बनाने के लिए यूथ के 100 से अधिक सदस्य अपनी सेवाएं देंगे। प्रतिदिन एक विशेष अतिथि बच्चों को बाइबल की शिक्षा और प्रेरणादायक संदेश देंगे। समापन समारोह में विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं को सर्टिफिकेट, मोमेंटो, मेडल और उपहार देकर सम्मानित किया जाएगा। पाठशाला के लिए रजिस्ट्रेशन 24 मई को ऑफलाइन ऑन द स्पॉट किया जाएगा। बिशप स्कूल में 29 मई से : संत पॉल्स कैथेड्रल के यूथ विंग की ओर से 29 मई से 4 जून तक बिशप स्कूल में समर वैकेशन बाइबल क्लास का आयोजन किया जाएगा। इसमें केजी से 12वीं कक्षा तक के बच्चे भाग ले सकेंगे। रजिस्ट्रेशन शुल्क 150 रुपए निर्धारित किया गया है। 29 मई को बिशप स्कूल में ऑन द स्पॉट रजिस्ट्रेशन की सुविधा भी उपलब्ध रहेगी। पहले दिन पेरिश प्रिस्ट फादर जोलजस कुजूर उद्देश्य की जानकारी देंगे।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *