बगोदर|बगोदर थाना क्षेत्र में नेशनल हाइवे पर शनिवार देर रात गोपालडीह मोड़ के समीप एक तेज रफ्तार ट्रक दुर्घटनाग्रस्त हो गया। चालक गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि ट्रक अनियंत्रित होकर डिवाइडर पार करते हुए दूसरी लेन में पलट गया। ट्रक उत्तर प्रदेश से गेहूं लोड कर धनबाद के निरसा की ओर जा रहा था। इसी दौरान गोपालडीह मोड़ के पास ट्रक का टायर ब्लास्ट हो गया। टायर फटते ही चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा और ट्रक डिवाइडर पार कर पलट गया। आसपास के लोग धमाके की आवाज सुनकर मौके पर पहुंच गए। ट्रक के केबिन में चालक बुरी तरह फंस गया था। स्थानीय ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत के बाद उसे बाहर निकाला और निजी नर्सिंग होम में भर्ती कराया। चालक की स्थिति गंभीर बताई जा रही है। हादसे के बाद ट्रक में लदा गेहूं सड़क पर फैल गया, जिससे कुछ समय के लिए जीटी रोड पर यातायात बाधित रहा। बाद में पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से सड़क पर बिखरे गेहूं को हटाया गया और यातायात सामान्य कराया गया। पुलिस अधिकारी अभिजीत कुमार दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे और दुर्घटनाग्रस्त ट्रक को जब्त कर लिया।
Source link
टायर ब्लास्ट से अनियंत्रित होकर पलटा ट्रक, गंभीर रूप से घायल हुआ चालक














Leave a Reply