टावर चौक के पास कोर्ट रोड से मधुबन वेजिज मोड़, कालीबाड़ी चौक से मकतपुर चौक तक हटेगा अतिक्रमण




भास्कर न्यूज | गिरिडीह गिरिडीह नगर निगम क्षेत्र में सड़कों के लगातार संकरे होने से यातायात व्यवस्था चरमरा गई है। शहर की प्रमुख सड़कों पर अतिक्रमण बढ़ने के कारण रोजाना जाम और आवागमन की परेशानी बढ़ती जा रही है। इसी स्थिति को देखते हुए नगर निगम ने अब सख्त रुख अपनाया है। निगम की ओर से संकरी सड़कों के किनारे बने मकानों और दुकानों को चिन्हित कर नोटिस देने का अभियान शुरू कर दिया गया है। शहर की सबसे संकरी सड़कों में शामिल बस स्टैंड से नटराज चौक तक जाने वाली मोबाइल गली को अतिक्रमण का सबसे बड़ा उदाहरण माना जा रहा है। यहां पहले चरण में करीब 12 मकान मालिकों को नोटिस जारी किया गया है। निगम ने टावर चौक के पास कोर्ट रोड से मधुबन वेजिज मोड़, कालीबाड़ी चौक से मकतपुर चौक होते हुए बरगंडा मोड़ तक के दोनों किनारों पर भी अतिक्रमण की पहचान शुरू कर दी है। इन क्षेत्रों में सड़क की जमीन पर कब्जा कर निर्माण और दुकानें बढ़ाने की शिकायतें लंबे समय से मिल रही थीं। निगम अधिकारियों के अनुसार, चिन्हित किए जा रहे सभी अतिक्रमणकारियों को जल्द नोटिस जारी किया जाएगा और उसके बाद हटाने की कार्रवाई की जाएगी। सड़कों के लगातार संकरे होने से जाम की स्थिति आम हो गई है। एंबुलेंस और आपात सेवाओं को भी निकलने में परेशानी होती है। रोजाना जाम लगने यातायात ठप रहता है, जिससे आम जनता परेशान होती है। बड़ा चौक से गांधी चौक तक सड़क किनारे दुकानें होंगी शिफ्ट शहर के बड़ा चौक से गांधी चौक तक सड़क किनारे और फुटपाथ पर लगने वाली दुकानों को हटाकर व्यवस्थित स्थान पर शिफ्ट करने की तैयारी शुरू कर दी है। यह कदम ईसरी बाजार में हुए सड़क हादसे के बाद उठाया गया है। नगर निगम की योजना के तहत इस मार्ग पर लगने वाली सब्जी और अन्य फुटपाथ दुकानों को हुट्‌टी बाजार में स्थानांतरित किया जाएगा। इससे सड़क पर अतिक्रमण कम होगा और यातायात व्यवस्था में सुधार आएगा। इस मार्ग पर रोजाना दुकानों के कारण जाम की स्थिति बनी रहती है। बस, ऑटो, कार और भारी वाहनों के आवागमन में भी परेशानी होती है। कई बार सड़क पर भीड़ बढ़ने से दुर्घटना का खतरा बना रहता है। हाल ही में ईसरी बाजार में हुए हादसे में पांच लोगों की मौत के बाद नगर निगम ने इस पर काम शुरू कर दिया है। रविवार का साप्ताहिक बाजार अब सड़क पर नहीं, बाइपास पर होगा स्थानांतरित : शहर में हर रविवार लगने वाले साप्ताहिक बाजार को सड़क से हटाने का निर्णय लिया है। यह बाजार वर्तमान में बड़ा चौक से नगर थाना होते हुए हुट्‌टी बाजार तक लगता है, जिससे यातायात व्यवस्था पूरी तरह प्रभावित हो जाती है। रविवार के दिन इस मार्ग पर ट्रैफिक व्यवस्था लगभग ठप हो जाती है। भारी वाहनों का भी आवागमन जारी रहता है, जिससे जाम की स्थिति और गंभीर हो जाती है। साप्ताहिक बाजार के कारण आम लोगों को भी आवाजाही में भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है। त्योहारों के समय स्थिति और अधिक विकट हो जाती है, जब सड़क पर चलने तक की जगह नहीं बचती। इन्हीं समस्याओं को देखते हुए नगर निगम ने साप्ताहिक बाजार को पपरवाटांड से चैताडीह जाने वाली बाइपास सड़क के किनारे, बाल सुधार गृह के पुराने खंडहर भवन परिसर में स्थानांतरित करने पर पहल शुरू कर दी है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *