भास्कर न्यूज | दुमका उपायुक्त अभिजीत सिन्हा की अध्यक्षता में बुधवार को कृषि एवं संबद्ध विभागों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में कृषि, सहकारिता, पशुपालन, मत्स्य, हॉर्टिकल्चर तथा सॉइल कंजर्वेशन विभागों द्वारा संचालित योजनाओं की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई तथा संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। बैठक के दौरान उपायुक्त ने प्रधानमंत्री कुसुम योजना के तहत जिले के 5000 किसानों को जोड़ने का लक्ष्य निर्धारित करने का निर्देश दिया। उन्होंने सभी प्रखंडों को लक्ष्य आवंटित करते हुए कहा कि जल स्रोतों के आसपास निवास करने वाले किसानों को प्राथमिकता के आधार पर योजना से जोड़ा जाए। उन्होंने कहा कि किसान वीएलई के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं, स्वयं आवेदन कर सकते हैं अथवा कृषि कार्यालय से संपर्क कर योजना का लाभ प्राप्त कर सकते हैं। ड्रॉप मोर क्रॉप योजना की समीक्षा करते हुए उपायुक्त ने निर्धारित लक्ष्य को शीघ्र पूरा करने का निर्देश दिया। बैठक में बताया गया कि योजना के अंतर्गत जिले में 475 हेक्टेयर भूमि को कवर किया जाना है। बैठक में यह भी जानकारी दी गई कि जिले में शीघ्र ही सर्टिफाइड सीड प्रोडक्शन का कार्य प्रारंभ किया जाएगा। किसान क्रेडिट कार्ड (केसीसी) की समीक्षा के दौरान उपायुक्त ने निर्देश दिया कि प्राप्त सभी आवेदनों को अविलंब संबंधित बैंकों को भेजा जाए तथा मामलों का त्वरित एवं नियमानुसार निष्पादन सुनिश्चित किया जाए। पशुपालन विभाग की समीक्षा के दौरान उपायुक्त ने पशु टीकाकरण की वर्तमान स्थिति की जानकारी ली तथा टीकाकरण अभियान को प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र पूर्ण करने का निर्देश दिया। इसके अलावा हॉर्टिकल्चर एवं सॉइल कंजर्वेशन विभागों द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं की भी समीक्षा की गई तथा योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर विशेष बल दिया गया।
Source link
डीसी की अध्यक्षता में कृषि एवं संबद्ध विभागों की समीक्षा , दिए कई निर्देश












Leave a Reply