तेंदूपत्ता वाहन हाई टेंशन तार की चपेट में आया:कवर्धा के बोड़ला-दलदली मार्ग पर लगी आग, गाड़ी जलकर खाक, ड्राइवर ने कूदकर बचाई जान




कबीरधाम जिले के बोड़ला-दलदली मार्ग पर दैहान के पास शुक्रवार दोपहर तेंदूपत्ता से भरा एक वाहन हाई टेंशन बिजली तार की चपेट में आ गया। तार के संपर्क में आते ही वाहन में भीषण आग लग गई, जिससे पूरी गाड़ी जलकर खाक हो गई। यह घटना दोपहर करीब साढ़े 12 बजे हुई। जानकारी के अनुसार, वाहन दलदली क्षेत्र से तेंदूपत्ता भरकर बोड़ला संग्रहण केंद्र की ओर जा रहा था। दैहान के पास सड़क किनारे झूल रहे हाई टेंशन तार से टकराने के कारण यह हादसा हुआ। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही मिनटों में पूरा वाहन जल गया। हादसे के दौरान वाहन चालक ने सूझबूझ दिखाते हुए समय रहते गाड़ी से कूदकर अपनी जान बचा ली। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग घटनास्थल पर जमा हो गए। स्थानीय लोगों ने तत्काल बिजली विभाग और प्रशासन को घटना की सूचना दी। नगर पंचायत की फायर ब्रिगेड टीम मौके पर पहुंची और आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन तब तक वाहन पूरी तरह जल चुका था। आग लगने के कारण कुछ समय के लिए मार्ग पर आवागमन भी प्रभावित रहा। फिलहाल आग से हुए नुकसान का आकलन किया जा रहा है। इस घटना ने क्षेत्र में बिजली तारों की ऊंचाई और सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों ने भविष्य में ऐसे हादसों को रोकने के लिए प्रशासन से आवश्यक कदम उठाने की मांग की है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *