तेलोडीह पंचायत में जनगणना कार्य की तैयारी शुरू, ग्रामीणों से सहयोग की अपील



भास्कर न्यूज |गिरिडीह सदर प्रखंड अंतर्गत तेलोडीह पंचायत में आगामी जनसंख्या जनगणना को लेकर तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। इस संबंध में पंचायत भवन तेलोडीह में रविवार को गननकर्ताओं एवं सुपरवाइजरों की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में पंचायत के मुखिया शब्बीर आलम भी मौजूद रहे।बैठक के दौरान पंचायत क्षेत्र में जनगणना कार्य को सुचारू, पारदर्शी और व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। गननकर्ताओं ने बताया कि जनगणना सरकार की एक महत्वपूर्ण प्रक्रिया है, जिसके माध्यम से प्रत्येक नागरिक और परिवार से संबंधित आवश्यक आंकड़े एकत्रित किए जाते हैं। इन आंकड़ों के आधार पर सरकार विभिन्न विकास योजनाएं तैयार करती है और संसाधनों का निर्धारण करती है।गननकर्ताओं ने ग्रामीणों से अपील करते हुए कहा कि जनगणना के दौरान सही और पूरी जानकारी उपलब्ध कराएं, ताकि सरकारी रिकॉर्ड सटीक तैयार हो सके। उन्होंने बताया कि जनगणना से जुड़े कर्मचारी घर-घर जाकर लोगों से आवश्यक जानकारी प्राप्त करेंगे, इसलिए पंचायतवासी सहयोगात्मक रवैया अपनाएं। मुखिया शब्बीर आलम ने भी पंचायतवासियों से जनगणना कार्य में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की। उन्होंने कहा कि जनगणना केवल सरकारी प्रक्रिया नहीं, बल्कि समाज और क्षेत्र के विकास से जुड़ा महत्वपूर्ण कार्य है। सही आंकड़ों के आधार पर ही सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल और अन्य मूलभूत सुविधाओं की योजनाएं प्रभावी ढंग से बनाई जा सकती हैं।उन्होंने लोगों से अफवाहों से बचने और बिना किसी डर या संकोच के सही जानकारी देने का आग्रह किया।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *