पत्नी को आपत्तिजनक हालत में देखा, कर दी हत्या:देवघर में चाय दुकान संचालिका की हत्या मामले का खुलासा, आरोपी पति गिरफ्तार




देवघर नगर थाना क्षेत्र में चाय दुकान संचालिका माला देवी की हत्या का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने इस मामले में मृतका के पति को गिरफ्तार किया है। आरोपी की निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल किया गया खून लगा चाकू, खून से सने कपड़े और मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं। देवघर सदर डीएसपी कुलदीप कुमार ने बताया कि आरोपी शिव यादव ने हत्या की बात स्वीकार कर ली है। आरोपी ने पुलिस को बताया कि उसके टोटो चालक दोस्त के साथ पत्नी का अवैध संबंध था। घटना वाले दिन शिव ने पत्नी और टोटो चालक को आपत्तिजनक हालत में देखा था। इसी गुस्से में उसने पत्नी की हत्या कर दी। यह घटना 19 मई 2026 की सुबह करीब 10 बजे हुई थी। नगर थाना क्षेत्र के करणी बाद कुंडा थाना के पास मुख्य सड़क किनारे स्थित चाय दुकान में माला देवी का शव मिला था। पुलिस को सूचना मिलते ही वह मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमॉर्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। मृतका माला देवी सारठ थाना क्षेत्र के गबुआही गांव की निवासी थीं। गिरफ्तार आरोपी शिव यादव सारठ थाना क्षेत्र के मलवाही गांव का निवासी है। मृतका के पुत्र रंजन कुमार यादव के लिखित आवेदन पर नगर थाना में अज्ञात अपराधियों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया गया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी के निर्देश पर एक विशेष टीम का गठन किया गया, जिसने जांच शुरू की। तकनीकी साक्ष्य, पूछताछ और गहन अनुसंधान के दौरान पुलिस को मृतका के पति शिव यादव पर संदेह हुआ। पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें उसने हत्या करने की बात स्वीकार कर ली।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *