पहाड़ी मंदिर के बाउंड्री निर्माण पर विवाद, 8 फीट जमीन के लिए दो पक्षों में हुई मारपीट, तीन घायल




सुखदेवनगर थाना क्षेत्र स्थित पहाड़ी मंदिर के चारों तरफ बाउंड्री निर्माण को लेकर मंगलवार सुबह दो पक्षों के बीच विवाद हो गया। विवाद बढ़ते-बढ़ते मारपीट में बदल गया, जिसमें तीन लोग घायल हो गए। घायलों की पहचान राहुल तिवारी, राजकुमार शर्मा और जितेंद्र प्रसाद के रूप में हुई है। तीनों पहाड़ी मंदिर विकास समिति के सदस्य बताए जा रहे हैं। मारपीट के दौरान राहुल तिवारी को गंभीर चोट लगी है। उनके चेहरे पर धारदार हथियार से वार के निशान मिले हैं। गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं अन्य घायलों का भी इलाज कराया गया। घटना के बाद दोनों पक्षों ने सुखदेवनगर थाना पहुंचकर एक-दूसरे के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है। एक पक्ष की ओर से मंदिर विकास समिति के सदस्य राजकुमार शर्मा ने आवेदन दिया है, जबकि दूसरे पक्ष से सोनिया तिर्की ने थाने में शिकायत की है। पुलिस दोनों पक्षों से मिले आवेदन के आधार पर मामले की जांच में जुट गई है। पुलिस घटना के कारणों और मारपीट में शामिल लोगों की भूमिका की पड़ताल कर रही है। थाना में आवेदन देकर दोनों पक्ष ने एक-दूसरे पर लगाए आरोप पुलिस को दिए आवेदन में राजकुमार शर्मा ने बताया है कि वह समिति के सदस्य राहुल तिवारी, जितेंद्र प्रसाद, राजेश यादव, अभिषेक यादव और जय प्रकाश जायसवाल के साथ पहाड़ी मंदिर परिसर में चल रहे बाउंड्री निर्माण कार्य देखने पहुंचे थे। उन्होंने ठेकेदार से पूछा कि बाउंड्री 8 फीट पीछे क्यों कराई जा रही है। राजकुमार शर्मा के अनुसार, इसी दौरान अजय तिर्की, उनके बॉडीगार्ड, सोनी तिर्की और सूरज लोहार वहां पहुंचे और समिति के सदस्यों के साथ गाली-गलौज करने लगे। कुल्हाड़ी और लोहे के रॉड से राहुल तिवारी पर जानलेवा हमला किया गया। दूसरे पक्ष से पहाड़ी टोला निवासी सोनिया तिर्की ने लिखित शिकायत में कहा है कि पिछले 15 दिनों से बाउंड्री निर्माण कार्य चल रहा था। मंगलवार सुबह करीब 10.30 बजे राहुल तिवारी, जितेंद्र शर्मा और अन्य पांच लोग वहां पहुंचे और लेबर-मिस्त्री से बहस करते हुए निर्माण कार्य रोकने को कहा। सोनिया तिर्की के अनुसार, राहुल तिवारी और जितेंद्र शर्मा ने कहा कि सड़क की ओर 5-6 फीट जमीन छोड़कर बाउंड्री किए जाने की वजह से काम रुकवाया जा रहा है। इसी दौरान केंद्रीय सरना समिति के अध्यक्ष अजय तिर्की भी वहां पहुंचे व सभी को समझाकर चले गए। इसके बाद राहुल तिवारी व जितेंद्र शर्मा जातिसूचक शब्दों का प्रयोग करते हुए गाली-गलौज करने लगे और देखते ही देखते मारपीट शुरू हो गई।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *