पाकुड़ में कारपेंटर के घर सेंधमारी:श्राद्ध में गए थे परिवार, लौटे तो टूटा मिला ताला, नकद 4 लाख सहित जेवर और सामान गायब




पाकुड़ नगर थाना क्षेत्र के नमो टोला में सोमवार शाम चोरी की बड़ी घटना सामने आई। अज्ञात चोरों ने एक कारपेंटर के घर को निशाना बनाते हुए लाखों रुपए की संपत्ति उड़ा ली। जानकारी के अनुसार, नमो टोला निवासी हृदय भास्कर अपनी पत्नी के साथ सुबह करीब 10 बजे तलवाडंगा स्थित एक रिश्तेदार के यहां श्राद्ध भोज में गए थे। शाम को लौटने पर उन्होंने देखा कि घर का मुख्य दरवाजा टूटा हुआ है और अंदर का सारा सामान बिखरा पड़ा है। घटना की सूचना मिलते ही नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। नकद 4 लाख सहित जेवर और सामान पर हाथ साफ पीड़ित हृदय भास्कर ने पुलिस को बताया कि चोर घर से करीब 4 लाख रुपए नकद ले गए हैं। इसके अलावा चांदी के गहने, बर्तन और कपड़े भी चोरी हो गए। उन्होंने बताया कि वह जल्द ही अपना घर बनाने की तैयारी कर रहे थे, जिसके लिए उन्होंने हाल ही में बालू और ईंट की खरीदारी की थी। इसी कारण निर्माण के लिए रखी रकम घर में ही रखी गई थी, जिसे चोरों ने निशाना बना लिया। घटना के बाद परिवार गहरे सदमे में है। हृदय भास्कर ने कहा कि उनकी पूरी जमा पूंजी चोरी हो गई है, जिससे अब घर बनाने का सपना अधूरा रह गया है। उनकी पत्नी रोते हुए नजर आईं और उन्होंने बताया कि कुल मिलाकर करीब 7 लाख रुपए की संपत्ति चोरी हुई है। इलाके में बढ़ रही चोरी की घटनाएं घटना की सूचना पर नगर थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर विस्तृत जानकारी ली। देर रात हृदय भास्कर ने थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई। पुलिस आसपास के संदिग्धों और सीसीटीवी फुटेज की जांच में जुटी है। स्थानीय लोगों का कहना है कि इलाके के सामने खाली जमीन होने के कारण यहां असामाजिक तत्वों का जमावड़ा लगा रहता है। नशे की बढ़ती प्रवृत्ति के कारण भी चोरी की घटनाएं बढ़ रही हैं।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *