पिता के हत्यारे बेटे की जमानत याचिका खारिज:शादी में जाने पिता ने गाड़ी मांगी तो झगड़ा किया; गैंती सिर में मार दी थी




गुना जिले के म्याना थाना क्षेत्र में बाइक की चाबी मांगने के विवाद में पिता की हत्या करने वाले आरोपी बेटे की जमानत याचिका कोर्ट ने खारिज कर दी है। सगोरिया गांव में 24 अप्रैल को आरोपी विकास जाटव ने अपने पिता रमेश जाटव (40) के सिर पर गैंती से जानलेवा हमला किया था। पिता एक शादी समारोह में जाने के लिए बाइक मांग रहे थे, लेकिन आरोपी ने पेट्रोल फुल होने की बात पर विवाद किया। पुलिस ने घटना वाले दिन ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया था, जो फिलहाल जेल में है। मृतक रमेश जाटव पेशे से मकान बनाने की ठेकेदारी करते थे। उनके परिवार में दो बेटे और एक बेटी है। 24 अप्रैल की शाम करीब 6 बजे रमेश को अपने छोटे बेटे विवेक के साथ शादी में मंडप की रस्म के लिए उमरी गांव जाना था। घर से निकलने से पहले उन्होंने अपने बड़े बेटे विकास से बाइक की चाबी मांगी और उसे घर पर ही रुकने को कहा। पेट्रोल निकालने का बोलकर घर के अंदर से लाया गैंती छोटे बेटे विवेक के मुताबिक, जब पिता ने विकास से चाबी मांगी, तो उसने यह कहते हुए मना कर दिया कि कल ही बाइक का पूरा टैंक फुल कराया है। विकास ने शर्त रखी कि वह पहले गाड़ी से अपना पेट्रोल निकालेगा, उसके बाद ही चाबी देगा। पिता रमेश ने उसकी बात मान ली और चाबी लाकर अपना पेट्रोल निकालने को कह दिया। सिर पर वार कर मौके से भाग निकला आरोपी पिता की सहमति के बाद विकास घर के अंदर गया, लेकिन वह वापस चाबी लेकर नहीं लौटा। वह अंदर से एक गैंती उठाकर लाया और सीधे अपने पिता रमेश के सिर पर जोरदार वार कर दिया। सिर पर गंभीर चोट लगने से पिता वहीं गिर पड़े, जिसके बाद आरोपी बेटा मौके से फरार हो गया। जिला अस्पताल में इलाज के दौरान तोड़ा दम हादसे के बाद घायल रमेश को लेकर परिजन म्याना अस्पताल के लिए निकले थे। रास्ते में डायल 112 वाहन मिला, जिसके पुलिसकर्मियों की सलाह पर एंबुलेंस की मदद से उन्हें सीधे गुना जिला अस्पताल लाया गया। यहां इलाज के दौरान रात करीब 3 बजे रमेश की मौत हो गई। पुलिस ने उसी दिन हत्या का केस दर्ज कर आरोपी बेटे विकास को गिरफ्तार कर लिया था। सुनवाई के बाद अब कोर्ट ने उसकी जमानत याचिका को खारिज कर दिया है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *