![]()
गिरिडीह| गिरिडीह नगर निगम क्षेत्र के चैताडीह से बोड़ो जीडी बगड़िया मोड़ और अलकापुरी मोड़ तक जाने वाली मुख्य सड़क पर स्थित पुलिया इन दिनों हादसे को न्योता दे रही है। पुलिया की दोनों ओर की रेलिंग करीब पांच वर्ष पहले टूटकर पूरी तरह ध्वस्त हो चुकी है, लेकिन अब तक उसकी मरम्मत नहीं कराई गई। हाल ही में नगर निगम ने करीब चार करोड़ रुपये की लागत से चैताडीह से जीडी बगड़िया मोड़ तक सड़क निर्माण कराया। सड़क तो बन गई, लेकिन जर्जर पुलिया और टूटी रेलिंग की अनदेखी कर दी गई। स्थिति यह है कि पुलिया के पास सड़क मात्र ढाई मीटर चौड़ी रह गई है। वहीं दोनों ओर करीब 15-15 फीट गहरी खाई है। सड़क निर्माण के दौरान ठेकेदार ने पुलिया के किनारे सीमेंट की बोरियों में बालू भरकर सुरक्षा का अस्थायी इंतजाम किया था, लेकिन अब बोरी फट चुकी है और बालू बह गया है। सबसे चिंताजनक बात यह है कि पुलिया के पास न तो रेडियम स्टीकर लगाए गए हैं और न ही कोई स्पष्ट चेतावनी बोर्ड है। केवल नाम मात्र का छोटा बोर्ड करीब 20 मीटर दूर लगाया गया है, जिस पर रात में किसी की नजर नहीं जाती। ऐसे में यहां कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है। इधर, नगर निगम के उप नगर आयुक्त प्रशांत कुमार लायक ने बताया कि जर्जर पुलिया के स्थान पर नए पुल निर्माण का प्रस्ताव तैयार किया गया है। फिलहाल दुर्घटना की आशंका को देखते हुए वहां रेडियम और चेतावनी संकेत लगाने की बात कही गई है।
Source link
पुलिया पर रेलिंग नहीं, सड़क के दोनों ओर 15 फीट खाई, हादसे को न्योता












Leave a Reply