पुलिस हिरासत में प्रेमी, छुड़ाने के लिए टावर चढ़ी प्रेमिका:धनबाद के गोमो में डेढ़ घंटे चला हाई-वोल्टेज ड्रामा, शादी कराने की करती रही मांग




धनबाद के गोमो क्षेत्र में उस समय हड़कंप मच गया, जब एक युवती अपने प्रेमी को पुलिस हिरासत से छुड़ाने की मांग को लेकर मोबाइल टावर पर चढ़ गई। यह घटना सिकलाइन इलाके की है। जहां करीब डेढ़ घंटे तक हाई वोल्टेज ड्रामा चलता रहा। युवती की पहचान शाहरिया निवासी देवन्ती कुमारी के रूप में हुई है। वह एक शादीशुदा युवक से प्रेम करती है। बताया जा रहा है कि उक्त युवक को निमियाघाट थाना पुलिस ने किसी मामले में गिरफ्तार किया है। प्रेमी की गिरफ्तारी से आहत युवती सीधे मोबाइल टावर पर चढ़ गई, जिससे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। रिहाई और शादी की मांग पर अड़ी रही टावर पर चढ़ी युवती को नीचे उतारने के लिए पुलिस और स्थानीय लोगों ने काफी प्रयास किया, लेकिन वह अपनी मांगों पर अड़ी रही। नीचे खड़े लोगों से वह लगातार यही कहती रही कि उसके प्रेमी को तुरंत रिहा किया जाए और उसकी शादी उसी से कराई जाए। स्थिति को देखते हुए हरिहरपुर थाना की पुलिस भी मौके पर पहुंची। इस दौरान बड़ी संख्या में लोग मौके पर जमा हो गए, जिससे स्थिति और संवेदनशील हो गई। मुखिया अहमद अली ने बताया कि युवती काफी देर तक टावर पर चढ़ी रही। सभी के समझाने के बावजूद नीचे आने को तैयार नहीं थी। परिजनों को दी गई सूचना काफी मशक्कत के बाद पुलिस और ग्रामीणों के संयुक्त प्रयास से युवती को सुरक्षित नीचे उतारा गया। इसके बाद उसे थाने ले जाया गया और परिजनों को सूचना दी गई। हरिहरपुर थाना के सब-इंस्पेक्टर दयचंद हांसदा ने बताया कि युवती अपने प्रेमी को बुलाने और उससे शादी कराने की मांग कर रही है। परिजनों के आने के बाद ही पूरे मामले की स्पष्ट जानकारी सामने आ पाएगी। फिलहाल, पुलिस मामले की जांच कर रही है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *