प्रभारी मंत्री बोलीं- गांवों में पानी पहुंचाने छोटे प्लान बनाएं:मां शारदा लोक के निर्माण कार्य देखे, माता के दर्शन कर लिया आशीर्वाद




मैहर जिले की प्रभारी मंत्री राधा सिंह शुक्रवार को मैहर पहुंचीं। उन्होंने कलेक्ट्रेट ऑफिस के मीटिंग हॉल में जिले के बड़े अधिकारियों के साथ बैठक की और सरकारी योजनाओं के काम-काज को देखा। बैठक में मंत्री ने सतना-बाणसागर नल-जल योजना की समीक्षा की। उन्होंने निर्देश दिए कि हर गांव तक पीने का पानी पहुंचाने के लिए एक छोटा प्लान (माइक्रो प्लान) बनाया जाए और काम पूरा करने का समय तय किया जाए। अधिकारियों ने बताया कि 1135 करोड़ रुपए की इस योजना से सतना और मैहर के 980 गांवों को फायदा होगा। मैहर के 560 गांवों में से 136 गांवों में पानी की सप्लाई शुरू हो चुकी है और दिसंबर 2026 तक पूरा काम खत्म करने का लक्ष्य है। मां शारदा लोक के लिए 64 करोड़ के काम प्रभारी मंत्री ने मां शारदा लोक के पहले चरण के कामों की भी जानकारी ली। बताया गया कि पहले फेज में 64 करोड़ रुपए खर्च किए जाएंगे। इसमें परिक्रमा पथ पर टॉयलेट, चार वेटिंग हॉल, दुकानें, रास्ता और श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए फेंसिंग जैसे काम होंगे। इन कामों के लिए अभी टेंडर की प्रक्रिया चल रही है। गर्मी और बीमारियों को लेकर निर्देश मंत्री राधा सिंह ने गर्मी के मौसम में पीने के पानी की व्यवस्था और बीमारियों को रोकने के लिए जरूरी निर्देश दिए। बैठक में विधायक श्रीकांत चतुर्वेदी, कलेक्टर बिदिशा मुखर्जी और एसपी अवधेश प्रताप सिंह समेत कई अधिकारी मौजूद रहे। बैठक खत्म होने के बाद मंत्री जी ने मां शारदा मंदिर में पूजा-अर्चना की और आल्हा ताल और परिक्रमा पथ का जायजा भी लिया।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *