![]()
भिंड जिले में सांप के साथ क्रूरता करने के मामले में फरार आरोपी देशराज धारिया को भीम आर्मी ने चंबल संभाग का संयोजक नियुक्त किया है। वन्य प्राणी संरक्षण अधिनियम के तहत मामला दर्ज होने के बाद से वन विभाग उसकी सरगर्मी से तलाश कर रहा है। वन विभाग की कार्रवाई से बच रहे इस फरार आरोपी को संगठन में अहम पद दिए जाने पर स्थानीय लोगों में भारी नाराजगी है। कुछ दिन पहले जिले के सोनेलाल का पुरा गांव में देशराज धारिया का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। इस वीडियो में वह सांप के एक बच्चे को पैरों से कुचलते और लहूलुहान हालत में उल्टा लटकाकर तमाशा बनाते नजर आया था। आरोप है कि इस दौरान उसने एक समाज विशेष को लेकर आपत्तिजनक टिप्पणियां भी की थीं। घटना का वीडियो सामने आने के बाद अटेर रेंज के वन अमले ने उसके खिलाफ वन्य प्राणी संरक्षण अधिनियम के तहत केस दर्ज किया था।
घर पर लगातार दबिश, फिर भी गिरफ्त से बाहर
मामला दर्ज होने के बाद से ही वन विभाग की टीम आरोपी की गिरफ्तारी के लिए उसके संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही है। सोनेलाल का पुरा स्थित उसके निवास पर भी कई बार तलाशी ली गई, लेकिन वह अब तक पकड़ में नहीं आया है। स्थानीय लोगों का कहना है कि जिस व्यक्ति पर वन्यजीव क्रूरता जैसे गंभीर आरोप हों, उसे संगठन में जिम्मेदार पद देना समाज में गलत संदेश देता है। अस्पताल और ब्लड डोनेशन कैंप में आया था नजर
हाल ही में एक सरपंच पति अवधेश पर हुए हमले के बाद भीम आर्मी के पदाधिकारी जिला अस्पताल पहुंचे थे। उन्होंने घायल को भर्ती कराकर उसकी स्थिति पर फेसबुक लाइव भी किया था। इसके अगले दिन आयोजित ब्लड डोनेशन कैंप में नव नियुक्त संयोजक देशराज धारिया भी शामिल हुआ और उसने रक्तदान किया। सरेआम सार्वजनिक कार्यक्रमों में शामिल होने के बावजूद उसकी गिरफ्तारी नहीं होने से सवाल उठ रहे हैं। कलेक्टर ने लिया संज्ञान, रेंजर बोलीं- जल्द भेजेंगे जेल
फरार आरोपी के खुलेआम घूमने और नया पद मिलने का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। पूरे घटनाक्रम पर भिंड कलेक्टर किरोड़ी लाल मीणा ने संज्ञान लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के सख्त निर्देश दिए हैं। वहीं, वन विभाग की रेंजर कृतिका शुक्ला ने कहा, “आरोपी की लगातार तलाश की जा रही है और जल्द ही उसे गिरफ्तार कर जेल भेजने की कार्रवाई की जाएगी।”
Source link
भिंड में फरार आरोपी बना भीम आर्मी का संभाग संयोजक:सांप से क्रूरता मामले में वन विभाग को है तलाश; सरेआम किया रक्तदान














Leave a Reply