मनरेगा कर्मियों की हड़ताल से विकास ठप, मजदूर कर रहे पलायन : गोरखनाथ




भास्कर न्यूज | खरौंधी पूर्व उप प्रमुख सह आजसू पार्टी के जिला प्रवक्ता गोरखनाथ चौधरी ने खरौंधी में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान झारखंड सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि पूरे राज्य में 9 मार्च से मनरेगा कर्मी लगातार हड़ताल पर हैं, लेकिन सरकार अब तक उनकी मांगों को लेकर गंभीर नहीं दिख रही है। उन्होंने कहा कि मनरेगा कर्मियों की हड़ताल के कारण ग्रामीण क्षेत्रों में विकास कार्य पूरी तरह ठप हो गए हैं। मजदूरों को रोजगार नहीं मिल रहा है, जिसके कारण बड़ी संख्या में लोग पलायन करने को मजबूर हो रहे हैं। सरकार की उदासीनता से गांवों की स्थिति दिन-प्रतिदिन खराब होती जा रही है।गोरखनाथ चौधरी ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन पर निशाना साधते हुए कहा कि सरकार खुद को गरीबों की हितैषी बताती है, लेकिन आज सबसे अधिक गरीब, मजदूर और कर्मचारी ही परेशान हैं। छोटे-छोटे कर्मचारी अपनी मांगों को लेकर आंदोलन कर रहे हैं, जबकि सरकार के मंत्री सुख-सुविधाओं में व्यस्त हैं। उन्होंने कहा कि क्षेत्र की जनता समस्याओं से जूझ रही है, लेकिन जनप्रतिनिधि मजदूरों और मनरेगा कर्मियों की समस्याओं को लेकर गंभीर नहीं दिख रहे हैं। गरीब मजदूरों को रोजगार नहीं मिलने से ग्रामीण अर्थव्यवस्था पर भी असर पड़ रहा है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि सरकार जल्द सकारात्मक निर्णय नहीं लेती है तो आजसू पार्टी जनता और मनरेगा कर्मियों के साथ मिलकर बड़ा आंदोलन करेगी तथा सरकार की जनविरोधी नीतियों के खिलाफ सड़क से लेकर सदन तक आवाज बुलंद करेगी। मौके पर जयप्रकाश गुप्ता, चंद्रशेखर पटेल, चंदन कुमार एवं प्रहलाद चौधरी सहित कई लोग उपस्थित थे।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *