मिहिजाम में घर से युवक का मिला सड़ा-गला शव:लाश में पड़ चुके थे कीड़े, तेज दुर्गंध आने पर लोगों ने पुलिस को दी सूचना




जामताड़ा जिले के मिहिजाम थाना क्षेत्र के अंबेडकर नगर मोहल्ले में एक बंद घर से 38 वर्षीय लक्ष्मण राम का सड़ा-गला शव बरामद हुआ है। शनिवार को तेज दुर्गंध आने पर स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी थी। मिहिजाम थाना प्रभारी प्रदीप राणा पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घर का दरवाजा खोलकर जांच की। मृतक स्वर्गीय केशव राम के पुत्र बताए जा रहे हैं। स्थानीय निवासियों के अनुसार, लक्ष्मण राम घर में अकेले रहते थे और पिछले कई दिनों से उन्हें मोहल्ले में नहीं देखा गया था। पहले दुर्गंध को सामान्य माना गया, लेकिन शनिवार को बदबू तेज होने पर अनहोनी की आशंका हुई। इसके बाद परिजनों और पुलिस को सूचित किया गया। शव की हालत बेहद खराब थी। यह कई दिनों पुराना प्रतीत हो रहा था और उसमें कीड़े पड़ चुके थे। दुर्गंध इतनी तीव्र थी कि वहां खड़ा रहना मुश्किल था। घटना की सूचना मिलते ही एसडीपीओ विकास आनंद लागूरी भी मौके पर पहुंचे और मामले की जांच की। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जामताड़ा भेज दिया है। मृतक के परिजनों को भी घटना की सूचना दी गई, जिसके बाद उनके बड़े भाई मौके पर पहुंचे। पुलिस फिलहाल आत्महत्या, हत्या या प्राकृतिक मौत सहित सभी संभावित पहलुओं से जांच कर रही है। थाना प्रभारी प्रदीप राणा ने बताया कि मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *