रायगढ़ में हाथी प्यास बुझाने तालाब पहुंचे, VIDEO:52 हाथियों के दल में शावक भी शामिल;गर्मी से बचने घंटों तक पानी में डूबे रहे




छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में हाथियों की मौजूदगी अक्सर देखने को मिलती है। इनके वीडियो भी समय-समय पर सामने आते रहते हैं। इस बार भी भीषण गर्मी के बीच हाथियों के नहाने और लंबे समय तक पानी में डूबे रहने का वीडियो सामने आया है। बताया जा रहा है कि इस दल में 52 हाथी शामिल हैं, जिनमें शावक भी मौजूद हैं। गुरुवार को छाल रेंज के एडू परिसर में 52 हाथियों का दल विचरण कर रहा था। शाम के समय यह झुंड चीतापाली आमामुड़ा तालाब के पास पहुंच गया। इसके बाद दल के कई हाथी तालाब में पानी पीने और नहाने के लिए उतर गए। जब ग्रामीणों को इसकी जानकारी मिली तो वे भी मौके पर पहुंच गए और हाथियों को देखने लगे। ग्रामीणों ने इस नजारे का वीडियो भी बना लिया, जो अब सोशल मीडिया पर भी वायरल हो रहा है। वीडियो में हाथी अपनी सूंड से पानी भरकर खुद पर डालते और पानी पीते नजर आ रहे हैं। कुछ हाथी तालाब के पानी में पूरी तरह डूबकर राहत लेते दिखाई दिए। बताया जा रहा है कि यह दल घंटों तक तालाब में ही मौजूद रहा। जिले के जंगलों में 148 हाथियों की मौजूदगी वन विभाग के रिकॉर्ड के अनुसार गुरुवार को जिले के जंगलों में कुल 148 हाथी विचरण कर रहे थे। इनमें धरमजयगढ़ वन मंडल में 141 हाथियों की मौजूदगी दर्ज की गई, जबकि रायगढ़ वन मंडल में 7 हाथी देखे गए। आंकड़ों के अनुसार झुंड में 53 नर, 73 मादा और 22 शावक शामिल हैं। इनमें सबसे बड़ा दल छाल रेंज के एडू परिसर में देखा गया, जहां 52 हाथियों का झुंड विचरण कर रहा था। इसी दल का तालाब में नहाते हुए वीडियो भी सामने आया है। फसलों को भी हुआ नुकसान हाथियों के दल ने कई किसानों की फसलों को नुकसान पहुंचाया है। धरमजयगढ़ के क्रोंधा में शंकर राठिया की फसल बर्बाद हो गई। वहीं कापू के छापरदांड में शिवलाल, दिलीप, राजकुमार, छत्री उरांव और सबल उरांव की धान की फसल को नुकसान पहुंचा है। इसके अलावा बोरो के बताती गांव में रामकुमार बैगा और सुमन बैगा की धान फसल, सोलर प्लेट और अन्य कृषि उपकरण भी क्षतिग्रस्त हुए हैं। रायगढ़ रेंज के चक्रधरपुर में बोरवेल और पौधों को भी नुकसान पहुंचाया गया है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *