![]()
लखनऊ में अधिवक्ताओं के चैम्बर तोड़े जाने और पुलिस द्वारा किए गए लाठीचार्ज के विरोध में बुधवार को डिस्ट्रिक्ट जालौन बार एसोसिएशन के अधिवक्ताओं ने सड़क पर उतरकर जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के चलते अंबेडकर चौराहे से लेकर कालपी रोड तक भीषण जाम लग गया, जिससे आम लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा। करीब एक घंटे तक चले प्रदर्शन के दौरान कई वाहन जाम में फंसे रहे, वहीं एक एंबुलेंस भी जाम में फंस गई, जिसे बाद में कड़ी मशक्कत के बाद बाहर निकाला गया। जिला जालौन बार एसोसिएशन के अध्यक्ष ऋषि पटेल और महासचिव डॉ. साधना त्रिपाठी के नेतृत्व में बड़ी संख्या में अधिवक्ता जिला एवं सत्र न्यायालय परिसर से प्रदर्शन करते हुए कलेक्ट्रेट पहुंचे। इस दौरान अधिवक्ताओं ने सरकार और पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए लखनऊ पुलिस की कार्रवाई को तानाशाहीपूर्ण बताया। अधिवक्ताओं ने जिलाधिकारी के माध्यम से मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेजकर दोषी पुलिसकर्मियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। ज्ञापन में कहा गया कि 17 मई 2026 को लखनऊ में अधिवक्ताओं के चैम्बर गलत तरीके से तोड़े गए और विरोध करने पर निर्दोष अधिवक्ताओं पर लाठीचार्ज किया गया। इस घटना से पूरे प्रदेश के अधिवक्ताओं में भारी आक्रोश है। बार एसोसिएशन ने मांग की कि लाठीचार्ज में शामिल पुलिसकर्मियों को तत्काल प्रभाव से बर्खास्त किया जाए तथा उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जाए। साथ ही जिन अधिवक्ताओं के चैम्बर तोड़े गए हैं, उनके लिए तत्काल वैकल्पिक व्यवस्था की जाए ताकि उनके कार्य में कोई बाधा न आए।
अधिवक्ताओं ने प्रदेश सरकार से उत्तर प्रदेश में जल्द अधिवक्ता प्रोटेक्शन अधिनियम लागू करने की भी मांग की। उनका कहना था कि लगातार हो रही घटनाओं के कारण अधिवक्ता स्वयं को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं। प्रदर्शन के दौरान अधिवक्ताओं में भारी रोष देखने को मिला। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को और उग्र किया जाएगा।
Source link
लखनऊ लाठीचार्ज के विरोध में जालौन में प्रदर्शन:उरई में सड़क पर उतरे वकील, एक घंटे तक जाम, एंबुलेंस भी फंसी















Leave a Reply