शॉर्ट सर्किट ने उजाड़ दिया आशियाना, 20 हजार नकद समेत डेढ़ लाख की संपत्ति राख




भास्कर न्यूज | धालभूमगढ़ धालभूमगढ़ प्रखंड क्षेत्र के जोड़शोल गांव स्थित बाघाशोल टोला में रविवार सुबह अचानक लगी आग ने एक गरीब परिवार का सब कुछ छीन लिया। शॉर्ट सर्किट से लगी आग में सुकेश बास्के का टाली घर पूरी तरह जलकर राख हो गया। हादसे में घर में रखे नगद 20 हजार रुपए समेत घरेलू उपयोग के लगभग सभी सामान जल गए। घटना के बाद पूरे गांव में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए पानी डालकर काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक घर का अधिकांश सामान राख में तब्दील हो चुका था। जानकारी के अनुसार रविवार सुबह सुकेश बास्के अपने परिवार के साथ मॉर्निंग वॉक के लिए घर से बाहर गए हुए थे। इसी दौरान घर में अचानक आग लग गई। आसपास के लोगों ने घर से धुआं और आग की लपटें उठती देख शोर मचाया। देखते ही देखते आग ने पूरे टाली घर को अपनी चपेट में ले लिया। ग्रामीण तत्काल मौके पर पहुंचे और बाल्टी तथा पाइप के सहारे पानी डालकर आग बुझाने का प्रयास शुरू किया। काफी प्रयास के बाद आग पर नियंत्रण पाया गया। पीड़ित सुकेश बास्के ने बताया कि आग लगने से घर में रखा आलमीरा, पलंग, टेबल, फ्रिज, धान, चावल, बर्तन, कपड़े समेत दैनिक उपयोग के सभी सामान जल गए। घर में रखा नगद 20 हजार रुपए भी आग की भेंट चढ़ गया। उन्होंने बताया कि परिवार में पत्नी सलमा बास्के के अलावा दो छोटे बेटे हैं, जिनमें एक की उम्र आठ वर्ष और दूसरे की उम्र चार वर्ष है। घटना के बाद पूरा परिवार सदमे में है। ग्रामीणों के अनुसार आग लगने का प्राथमिक कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से पीड़ित परिवार को तत्काल राहत एवं मुआवजा देने की मांग की है। ग्रामीणों ने कहा कि गरीब परिवार की पूरी जमा-पूंजी और आशियाना जल जाने से उनके सामने रहने और खाने तक का संकट खड़ा हो गया है। घटना के बाद गांव में लोगों की भीड़ जुटी रही। पीड़ित परिवार खुले आसमान के नीचे रहने को मजबूर हो गया है। अनुमान लगाया जा रहा है कि आगजनी में करीब डेढ़ लाख रुपए की संपत्ति का नुकसान हुआ है। धालभूमगढ़ विधायक सोमेश चंद्र सोरेन ने जोड़शोल गांव के बाघाशोल टोला पहुंच कर अग्नि पीड़ित परिवार से मिल कर जानकारी लिए। इस दौरान विधायक ने तत्काल तिरपाल तथा आर्थिक राशि देकर सहयोग किया तथा हर तरह जल्द से जल्द सरकारी लाभ दिलाने का आश्वासन भी दिया। इस दौरान उन्होंने अंचल अधिकारी तथा प्रखंड विकास पदाधिकारी को फोन कर हर संभव सरकारी जो लाभ मिलने वाला है जल्द से जल्द दिलाने का निर्देश दिए।। जानकारी हो कि रविवार सुबह सुकेश बास्के का टाली घर में शॉर्ट सर्किट से आग लग जाने के कारण घर का सारा सामान स्कूली प्रमाण पत्र, समेत अन्य कागजात भी जलकर खाक हो गया है। इस मौके पर प्रखंड प्रमुख देवला हांसदा,जिला उपाध्यक्ष प्रणव महतो, सुशील मुर्मू, प्रखंड उपाध्यक्ष धीरेन पाल,प्रखंड सचिब नरेन् सोरेन, बिनोद चौबे, वार्ड मेंबर कोदााराम मुण्डा आदि उपस्थित थे।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *