![]()
सिवनी जिले में गुरुवार शाम अचानक मौसम बदल गया। तेज हवाओं के साथ झमाझम बारिश हुई, जिसने शहर और आसपास के क्षेत्रों को भिगो दिया। शाम करीब 5:30 बजे शुरू हुई इस बारिश से लोगों को भीषण गर्मी और उमस से राहत मिली, जिससे तापमान में गिरावट आई और मौसम सुहाना हो गया। दिनभर की तेज धूप और गर्म हवाओं के बाद शाम को आसमान में काले बादल छा गए और गर्जना के साथ बारिश हुई। तेज हवाओं से कई स्थानों पर पेड़ों की डालियां टूटकर सड़कों पर गिरीं, हालांकि किसी जनहानि की सूचना नहीं है। बाजार में अचानक बारिश से लोग दुकानों और शेड के नीचे शरण लेते दिखे। मौसम विभाग ने आगामी एक-दो दिनों तक जिले में गरज-चमक के साथ बारिश और तेज हवाओं की संभावना जताई है। इस मौसमी बदलाव से आम नागरिकों को राहत मिली है, लेकिन किसानों की चिंता बढ़ गई है। समर्थन मूल्य पर खरीदे गए गेहूं के भंडारण को लेकर प्रशासन और किसानों के सामने चुनौती खड़ी हो गई है। जिले के कई उपार्जन केंद्रों में गेहूं अभी भी खुले में रखा है। पर्याप्त तिरपाल और सुरक्षित भंडारण व्यवस्था न होने के कारण बारिश में अनाज भीगने का खतरा है। पूर्व में हुई बारिश में भी कई केंद्रों पर गेहूं भीगने की शिकायतें मिली थीं। लगातार बदलते मौसम और आकाशीय बिजली गिरने की घटनाओं ने भी लोगों की चिंता बढ़ाई है। हाल ही में जिले में बिजली गिरने से एक व्यक्ति की मौत हुई थी और एक बच्चा घायल हो गया था। जिला प्रशासन ने लोगों से खराब मौसम में सतर्क रहने, पेड़ों के नीचे खड़े न होने और गरज-चमक के दौरान खुले मैदान या खेतों में काम न करने की अपील की है।
Source link
सिवनी में अचानक झमाझम बारिश:मौसम सुहाना, किसानों की चिंता बढ़ी















Leave a Reply