सिवनी में बारिश ने ठंडे किए गर्मी के तेवर:तेज हवा के साथ झमाझम और गिरे ओले, पेड़ों की डगालें टूटी




सिवनी जिले में बुधवार दोपहर अचानक मौसम का मिजाज बदल गया। दोपहर करीब 2 बजे तेज हवाओं के साथ झमाझम बारिश शुरू हो गई। सिवनी मुख्यालय सहित जिले के कई क्षेत्रों में हल्की ओलावृष्टि भी दर्ज की गई। इस बदलाव से जहां एक ओर लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिली, वहीं किसानों की चिंताएं बढ़ गईं। तेज हवा और बारिश के कारण शहर के उर्दू स्कूल के पास एक पेड़ की डालियां टूटकर स्कूल की छत पर गिर गईं। इसके अतिरिक्त, सड़क किनारे रखे छोटे बोर्ड भी तेज हवा के चलते सड़क पर आ गिरे। मौसम के इस बदले स्वरूप ने समर्थन मूल्य पर खरीदे गए गेहूं के भंडारण को लेकर नई चुनौती खड़ी कर दी है। जिले के कई उपार्जन केंद्रों में गेहूं अब भी खुले में रखा हुआ है। पर्याप्त तिरपाल और सुरक्षित भंडारण व्यवस्था के अभाव में बारिश से अनाज के भीगने की आशंका बनी हुई है। बीते दिनों हुई बारिश में भी कई उपार्जन केंद्रों के बाहर रखा गेहूं भीगने की जानकारी सामने आई थी। इस स्थिति से किसान और समिति कर्मचारी दोनों चिंतित हैं, क्योंकि इससे उनकी मेहनत और उपज को नुकसान हो सकता है। इधर, बारिश के साथ आकाशीय बिजली गिरने की घटनाओं ने भी लोगों की चिंता बढ़ा दी है। हाल ही में जिले में बिजली गिरने से एक व्यक्ति की मौत हो चुकी है, जबकि एक बच्चा घायल हुआ था। जिला प्रशासन ने खराब मौसम के दौरान नागरिकों से सतर्क रहने और किसानों से गरज-चमक के समय खेतों में काम न करने की अपील की है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *