राजधानी रांची में जमीन का विवाद अब थाना-कोर्ट कचहरी तक सीमित नहीं रह गया है। छोटी-छोटी जमीनों को लेकर दुश्मनी खूनी संघर्ष में बदल रही है। कहीं कब्जे के लिए गोली चल रही है, तो कहीं सुपारी देकर हत्या की साजिश रची जा रही है। अपराधी गैंग, अवैध हथियार और दबंगों की एंट्री ने जमीन विवाद को शहर के सबसे खतरनाक क्राइम में बदल दिया है। रांची एक बार फिर बड़े खूनी खेल का गवाह बनने से बाल-बाल बच गई। जमीन विवाद में एक चर्चित व्यक्ति की हत्या की पूरी तैयारी हो चुकी थी। अपराधी हथियारों से लैस होकर मौके की तलाश में थे, लेकिन उससे पहले ही झारखंड पुलिस ने जाल बिछाकर चारों आरोपियों को दबोच लिया। सुखदेवनगर थाना क्षेत्र के गंगानगर करम चौक के पास सोमवार की रात पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि कुछ अपराधी किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में घूम रहे हैं। सूचना मिलते सिटी एसपी के निर्देश पर कोतवाली पुलिस की विशेष टीम एक्टिव हुई और इलाके की घेराबंदी कर छापेमारी शुरू कर दी। पुलिस टीम को देखते ही चारों आरोपी भागने लगे। इलाके में अफरा-तफरी मच गई, लेकिन पुलिस ने पीछा कर सभी को धर दबोचा। गिरफ्तार अपराधियों की पहचान सहदेव टिग्गा, अंकित खलखो, रवि लकड़ा और संदीप कुमार उर्फ बब्लू के रूप में हुई है। शहर में बड़े गैंग के सक्रिय होने की आशंका, पुलिस जांच में जुटी तलाशी के दौरान आरोपियों के पास से यूएसए निर्मित 9 एमएम का ऑटोमेटिक पिस्टल, दो जिंदा गोलियां और मोबाइल फोन बरामद किए गए। राजधानी में विदेशी हथियार मिलने से यह आशंका गहरा गई है कि शहर में किसी बड़े गैंग का नेटवर्क सक्रिय है। कोतवाली एएसपी निखिल राय ने बताया कि प्रारंभिक जांच में जमीन विवाद को लेकर हत्या की साजिश की बात सामने आई है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि विदेशी पिस्टल रांची तक कैसे पहुंचा और इसके पीछे कौन-कौन लोग शामिल हैं। अगर पुलिस कुछ देर करती, तो बड़ी वारदात हो सकती थी। फिलहाल सभी आरोपियों से पुलिस पूछताछ कर रही है।
Source link
सुखदेवनगर में यूएसए मेड पिस्टल के साथ चार अपराधी गिरफ्तार







Leave a Reply