सुबह से भटकते रहे लोग, दोपहर बाद पंपों पर मिला पेट्रोल-डीजल




रांची में गुरुवार को शुरू हुआ पेट्रोल-डीजल संकट शुक्रवार को भी जारी रहा। पेट्रोल पंपों पर लंबी-लंबी कतारें दिखीं। लोग वाहनों में तेल भरवाने के लिए घंटों अपनी बारी का इंतजार करते रहे। गुरुवार रात 11 बजे तक रांची और आसपास के क्षेत्रों के लगभग सभी पेट्रोल पंप ड्राई हो गए थे। शुक्रवार सुबह से ही लोग तेल लेने के लिए एक पंप से दूसरे पंप भटकते रहे। दोपहर बाद कुछ पंपों पर टैंकर पहुंचे, जिसके बाद एक बार फिर पेट्रोल पंपों पर भीड़ उमड़ पड़ी। बरियातू, करमटोली, कोकर, हरमू रोड, लालपुर, रातू रोड, बूटी मोड़, बिरसा चौक और नामकोम इलाकों के पेट्रोल पंपों पर अफरा-तफरी जैसी स्थिति रही। कई पंपों पर कुछ ही घंटों में तेल खत्म हो गया। डीलरों ने बताया कि डिपो से तेल की सप्लाई कम हो रही है। जो सप्लाई आ भी रही है, उसे पहुंचने में देरी हो रही है। दूसरी ओर ईरान-अमेरिका तनाव के बीच लोगों में बढ़ती घबराहट ने हालात बिगाड़ दिए हैं। ज्यादा पेट्रोल भरवाने की होड़ से मांग अचानक बढ़ गई, जिससे स्टॉक तेजी से खत्म हो रहा है। पैनिक बाइंग से अचानक बढ़ गई मांग : एसोसिएशन झारखंड पेट्रोलियम डीलर एसोसिएशन के प्रवक्ता ने कहा कि अफवाहों और पैनिक बाइंग के कारण पेट्रोल-डीजल की मांग अचानक बढ़ गई है। स्थिति यह है कि तीन दिनों का स्टॉक एक ही दिन में खत्म हो जा रहा है, जिससे कई पेट्रोल पंप ड्राई हो रहे हैं। उन्होंने लोगों से अपील की कि घबराहट में जरूरत से ज्यादा तेल की खरीदारी न करें। तेल कंपनियों की ओर से सप्लाई जारी है, लेकिन सीमित आपूर्ति के मुकाबले मांग दोगुनी हो गई है। लालपुर पंप पर गैलन में दिया जा रहा तेल। रांची में तेल संकट बढ़ने के बाद कई पेट्रोल पंपों पर राशनिंग शुरू कर दी गई। बरियातू और कोकर के पंप पर बाइक में 200 रुपए और कार में 500 रुपए तक का तेल दिया गया। हरमू रोड के एक पंप पर बाइक में 300 रुपए तक पेट्रोल दिया गया। वहीं, करमटोली-जेल मोड़ स्थित आईओसीएल पंप पर बाइक के लिए 500 रुपए और कार के लिए 2000 रुपए की सीमा तय की गई। वहीं, कुछ पर पंपों पर डिमांड के अनुसार तेल दिया गया। लालपुर के एक पेट्रोल पंप पर 10 और 20 लीटर के जार में तेल दिया गया। लाइन में लगे लोगों ने इसका विरोध भी किया।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *