स्कूल के बाथरूम में 10वीं के छात्र से मारपीट:9वीं के 5 छात्रों पर आरोप, परिजनों ने कार्रवाई की मांग की




धनबाद के बलियापुर थाना क्षेत्र स्थित जगदीश पब्लिक स्कूल में 10वीं कक्षा के एक छात्र के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। आरोप है कि स्कूल के ही 9वीं कक्षा के पांच छात्रों ने उसे स्कूल के बाथरूम में ले जाकर पीटा। घटना में घायल छात्र को इलाज के लिए शहीद निर्मल महतो मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (SNMMCH) में भर्ती कराया गया है। घायल छात्र की पहचान तरुण कुमार के रूप में हुई है। छात्र के पिता बलराम चौधरी ने बताया कि बुधवार को उनका बेटा स्कूल गया था। इसी दौरान कुछ छात्रों ने उसे पकड़कर स्कूल के बाथरूम में ले जाकर बेरहमी से मारपीट की। बलराम चौधरी के अनुसार, घटना की जानकारी मिलने पर वे स्कूल पहुंचे और प्रबंधन से आरोपित छात्रों के बारे में पूछा, लेकिन उन्हें कोई स्पष्ट जवाब नहीं मिला। उन्होंने आरोप लगाया कि स्कूल प्रबंधन ने मामले को गंभीरता से नहीं लिया और संबंधित छात्रों को घर भेज दिया। बलराम चौधरी ने यह भी कहा कि स्कूल परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों में पूरी घटना रिकॉर्ड हुई है। परिजनों ने स्कूल प्रबंधन से दोषी छात्रों पर कार्रवाई की मांग की है। घायल छात्र तरुण कुमार ने बताया कि वह बाथरूम में था तभी पांच छात्र वहां पहुंचे और बिना किसी वजह बताए उसे पीटना शुरू कर दिया। मारपीट में उसके सिर और छाती में चोटें आई हैं। इस मामले में स्कूल संचालक ने कहा है कि उन्हें घटना की जानकारी मिली है और जांच के बाद दोषी छात्रों पर अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी। वहीं, परिजनों ने इलाज के बाद बलियापुर थाना में लिखित शिकायत देकर कार्रवाई की मांग करने की बात कही है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *