स्वच्छता पर बैठक में मानसिक अस्वच्छता:महिला पार्षद का आरोप-बैठक में मेरी आपत्तिजनक वीडियो बनाई, सोशल मीडिया पर डाला




रांची नगर निगम की बैठक के दौरान एक गंभीर और शर्मनाक मामला सामने आया है। एक महिला पार्षद ने अपने ही साथी पार्षद पर आपत्तिजनक वीडियो बनाने और उसे सोशल मीडिया पर वायरल करने का आरोप लगाया है। भास्कर के पास उस महिला पार्षद की पूरी जानकारी है, लेकिन उनकी निजता को देखते हुए उनकी पहचान उजागर नहीं कर रहे हैं। महिला पार्षद ने कहा कि सोमवार को स्वच्छता को लेकर रांची नगर निगम के पार्षदों की बैठक चल रही थी। सभी पार्षद अपने-अपने वार्ड के बारे में बोल रहे थे। जब मैं बोलने के लिए उठी तो पीछे से एक पार्षद ने मेरे शरीर को दर्शाते हुए गलत तरीके से वीडियो बना ली। फिर वीडियो पूर्व पार्षद को भेज दिया। पूर्व पार्षद ने उसे सोशल मीडिया पर डाल दिया। मंगलवार सुबह किसी ने मुझे इसकी जानकारी दी। हमें बहुत गुस्सा आया कि हमारे शरीर का इस तरह का वीडियो बनाने का अधिकार किसको किसने दिया। इसके साथ ही बैठक की गोपनीयता को भी भंग कर दिया गया। मैं पार्षदों को अपने परिवार का हिस्सा मानती हूं। मेरे साथ ऐसा होगा, इसकी कल्पना भी नहीं की जा सकती है। उन्होंने कहा कि मेरे पीछे वार्ड 20 के पार्षद सुनील यादव बैठे थे। शक है कि उन्होंने ही मेरा वीडिया बनाकर उर्मिला देवी को भेजा था। आज हमारी मेयर भी महिला हैं। मैं इस मामले को लेकर बुधवार को पुलिस से शिकायत करूंगी। एफआईआर दर्ज कराऊंगी। ऐसी मानसिकता वाले लोगों के खिलाफ कार्रवाई होनी ही चाहिए। पार्षद सुनील यादव ने कहा-मैंने कोई वीडियो नहीं बनाई महिला पार्षद के आरोप पर भास्कर ने वार्ड 20 के पार्षद सुनील यादव से संपर्क किया। उन पर लगे आरोपों पर उनका पक्ष जाना। सुनील यादव ने इन आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए कहा कि उन्होंने यह वीडियो नहीं बनाई है। उन्होंने कहा कि यह वीडियो किसने बनाई, मुझे पता नहीं। हालांकि कुछ लोग बोल रहे थे कि कोई वीडियो आई है। महिला पार्षद गलत बोल रही हैं। उन्हें किसी पर बेवजह ऐसा आरोप नहीं लगाना चाहिए। मेयर बोलीं… जानकारी मिली है, यह बेहद शर्मनाक घटना, जांच कराऊंगी इस मामले में मेयर रौशनी खलखो ने कहा-मुझे भी इसकी जानकारी मिली है। जिस तरह के आरोप लगाए गए हैं, वह बेहद शर्मनाक हैं। इसकी निष्पक्ष रूप से जांच होगी। जो भी दोषी होंगे, उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *