37वीं प्रांतीय खो-खो प्रतियोगिता में विद्या मंदिर बना झारखंड चैंपियन




भास्कर न्यूज|लोहरदगा विद्या विकास समिति झारखंड द्वारा बोकारो में आयोजित 37वीं प्रांतीय खो-खो प्रतियोगिता में शीला अग्रवाल सरस्वती विद्या मंदिर के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए पूरे झारखंड में विद्यालय का नाम गौरवान्वित किया। प्रतियोगिता के अंडर-14 बाल वर्ग एवं अंडर-17 किशोर वर्ग दोनों में विद्यालय की टीम ने प्रथम स्थान प्राप्त कर स्वर्ण पदक एवं शील्ड अपने नाम किया। प्रतियोगिता के दौरान विद्यालय के खिलाड़ियों का शानदार प्रदर्शन और दबदबा देखने को मिला। खिलाड़ियों की इस उपलब्धि से विद्यालय परिवार एवं जिले में खुशी का माहौल है। वहीं बागेश्वरी पांडे शिशु विद्या मंदिर में आयोजित बहनों की खो-खो प्रतियोगिता में अंडर-14 बाल वर्ग की बहनों ने प्रथम स्थान तथा किशोर वर्ग की बहनों ने तृतीय स्थान प्राप्त कर विद्यालय को गौरवान्वित किया। विद्यालय की इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर गुमला विभाग प्रमुख ओमप्रकाश सिन्हा ने खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। विद्यालय प्रबंधकारिणी समिति के अध्यक्ष शशिधर लाल अग्रवाल, उपाध्यक्ष विनोद राय, सचिव अजय प्रसाद, कोषाध्यक्ष अनिल अग्रवाल एवं प्रधानाचार्य संजीव कुमार झा ने खिलाड़ियों एवं प्रशिक्षकों को हार्दिक बधाई दी। प्रधानाचार्य संजीव कुमार झा ने कहा कि यह सफलता खिलाड़ियों के अनुशासन, कठिन परिश्रम एवं निरंतर अभ्यास का परिणाम है। विद्यालय के शारीरिक आचार्य जोधन सिंह के कुशल निर्देशन में खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। वहीं संरक्षक आचार्य अमन कुमार एवं वीणा तिवारी का भी खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण एवं मार्गदर्शन देने में महत्वपूर्ण योगदान रहा। विद्यालय के सभी आचार्यगण एवं अभिभावकों ने खिलाड़ियों की इस उपलब्धि पर हर्ष व्यक्त किया।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *