भास्कर न्यूज|भरनो रांची-गुमला मुख्य मार्ग एनएच 23 पर भरनो मुख्यालय चौक स्थित ओवरफ्लाई के नीचे इन दिनों अव्यवस्था और अतिक्रमण के कारण लगातार जाम की स्थिति उत्पन्न हो रही है। स्थानीय लोगों के अनुसार यह क्षेत्र धीरे-धीरे डेंजर जोन बनता जा रहा है, जहां आए दिन छोटी-मोटी दुर्घटनाएं और विवाद की घटनाएं सामने आ रही हैं। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते प्रशासन ने ठोस कदम नहीं उठाया तो किसी दिन बड़ा हादसा हो सकता है। स्थानीय लोगों ने बताया कि ओवरफ्लाई के नीचे दोनों ओर लंबी कतार में सब्जी दुकानों और ठेलों का संचालन किया जा रहा है। इसके साथ ही कई वाहन मालिक सड़क किनारे घंटों तक अपने वाहन खड़े कर देते हैं। वहीं ऑटो चालकों द्वारा भी मनमाने तरीके से जहां-तहां ऑटो खड़ा कर सवारी बैठाने और उतारने का काम किया जाता है। इससे सड़क संकरी हो जाती है और वाहनों की आवाजाही बाधित होती है। स्थिति यह हो गई है कि ओवरफ्लाई के नीचे अक्सर जाम लग जाता है। खासकर बसों और भारी वाहनों को एक-दूसरे को पार करने में काफी परेशानी होती है। कई बार वाहनों की लंबी कतार लग जाती है और यात्रियों को घंटों इंतजार करना पड़ता है। जाम के दौरान बाइक सवारों और पैदल राहगीरों को हमेशा दुर्घटना का खतरा बना रहता है। लोगों का कहना है कि भीड़ और अव्यवस्था के कारण कभी भी बड़ा सड़क हादसा हो सकता है।स्थानीय नागरिकों ने आरोप लगाया कि यह समस्या कोई नई नहीं है, बल्कि प्रतिदिन की बन चुकी है। इसके बावजूद न तो प्रखंड प्रशासन और न ही पुलिस प्रशासन द्वारा कोई ठोस कार्रवाई की जा रही है। लोगों का कहना है कि ट्रैफिक जाम कितनी भी देर तक लगा रहे,प्रशासनिक अधिकारियों की ओर से कोई पहल नजर नहीं आती।ग्रामीणों और राहगीरों ने प्रशासन से मांग की है कि ओवरफ्लाई के नीचे लगने वाले अवैध ठेला और दुकानों को व्यवस्थित किया जाए, सड़क किनारे अवैध पार्किंग पर रोक लगाई जाए तथा ऑटो संचालन के लिए निर्धारित स्टैंड बनाया जाए। साथ ही नियमित ट्रैफिक व्यवस्था सुनिश्चित कर पुलिस बल की तैनाती करने की भी मांग की गई है, ताकि लोगों को जाम और दुर्घटनाओं के खतरे से राहत मिल सके। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि जल्द ही व्यवस्था में सुधार नहीं किया गया तो भविष्य में कोई बड़ी दुर्घटना होने से इंकार नहीं किया जा सकता।
Source link
फ्लाईओवर के नीचे अतिक्रमण, हादसों का भय, भरनो चौक में हर दिन लग रहा जाम













Leave a Reply