कनावटी-डूंगलवदा में नई बिजली लाइन का विरोध:घनी आबादी में पोल लगाने पर ग्रामीणों ने सौंपा ज्ञापन, कहा- करंट फैलने का खतरा रहेगा




नीमच के कनावटी और डूंगलवदा गांवों में रिहायशी इलाके के बीचों-बीच बिछाई जा रही 132 केवी की हाई वोल्टेज बिजली लाइन को लेकर ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा है। नायरा पेट्रोल पंप के पास लगाए जा रहे इन भारी-भरकम बिजली के खंभों के विरोध में मंगलवार को बड़ी संख्या में ग्रामीण कलेक्टर दफ्तर पहुंचे और तहसीलदार संजय मालवीय को ज्ञापन सौंपकर काम रुकवाने की मांग की। ग्रामीणों का कहना है कि जहां ये हाई वोल्टेज लाइन निकाली जा रही है, वहां काफी घनी आबादी है। भविष्य में यहां घरों की संख्या और बढ़ेगी। घरों के बिल्कुल पास इतने ऊंचे वोल्टेज के पोल लगाना सीधे तौर पर लोगों की जान को खतरे में डालना है। ग्रामीणों ने साफ कहा कि इतनी पावरफुल लाइन के नीचे रहना किसी बड़े हादसे का इंतजार करने जैसा है। बारिश में करंट फैलने का सबसे बड़ा डर रहवासियों ने एक और बड़ी मुसीबत की ओर इशारा करते हुए बताया कि बारिश के दिनों में इस पूरे इलाके और घरों के आसपास भारी जलजमाव हो जाता है। अगर भरे हुए पानी के बीच ये हाई वोल्टेज पोल खड़े रहे, तो पूरे पानी में करंट फैलने का खतरा रहेगा। इससे न सिर्फ इंसानों बल्कि पशुओं की जान भी जोखिम में पड़ सकती है। पंचायत ने नहीं सुनी, अब प्रशासन से गुहार इस समस्या को लेकर ग्रामीण पहले अपनी ग्राम पंचायत को भी लिखित शिकायत दे चुके हैं, लेकिन वहां उनकी कोई सुनवाई नहीं हुई। थक-हारकर उन्होंने जिला प्रशासन का दरवाजा खटखटाया है। ग्रामीणों की मांग है कि इन पोलों को आबादी वाले क्षेत्र से कम से कम 200 फीट दूर किसी सुरक्षित जगह पर शिफ्ट किया जाए, ताकि वे बिना किसी डर के अपने घरों में रह सकें।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *