कोरबा में बिजली तार चोरी के 4 आरोपी गिरफ्तार:खंभे तोड़कर लाखों का पहुंचाया नुकसान, कब्जे से चोरी का सामान बरामद




कोरबा पुलिस ने “सजग कोरबा, सतर्क कोरबा” अभियान के तहत बिजली तार चोरी के मामले में बड़ी सफलता हासिल की है। थाना बांकीमोंगरा और साइबर सेल की संयुक्त टीम ने 24 घंटे के भीतर चार आरोपियों को गिरफ्तार कर चोरी का माल बरामद कर लिया है। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी के निर्देश पर की गई। छत्तीसगढ़ राज्य विद्युत वितरण कंपनी, कटघोरा के जूनियर इंजीनियर रंजीत पैकरा ने रिपोर्ट दर्ज कराई है। उन्होंने बताया कि सिंघाली लोकहित क्षेत्र में अज्ञात चोरों ने बिजली के पोल को तोड़कर करीब 3100 मीटर बिजली का तार चोरी कर लिया। इससे इलाके में बिजली आपूर्ति बाधित हो गई और विभाग को लाखों रुपए का नुकसान हुआ। रिपोर्ट के आधार पर थाना बांकीमोंगरा में अपराध क्रमांक 108/2026 के तहत विभिन्न धाराओं (303(2), 324(4), 317(2), 3(5) बीएनएस, विद्युत अधिनियम 2003 की धारा 136-1(ए), 140, 137 और लोक संपत्ति नुकसानी निवारण अधिनियम 1984 की धारा 3) में मामला दर्ज किया गया। वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में तत्काल टीम गठित कर जांच शुरू की गई। पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया मुखबिर की सूचना और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने तेजी से कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया। इनमें कबाड़ी दुकान संचालक मनोज कुमार साहू उर्फ मोनू (राजीवनगर कटघोरा), विजयपाल कंवर (अमरपुर सिंघाली), शेखर सिंह अगरिया (सिंघाली बस्ती) और अनुप कुमार चौहान (सिंघाली बस्ती) शामिल हैं। कब्जे से चोरी का सामान बरामद पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी किया गया विद्युत तार, खंभों में लगे लोहे के उपकरण/चैनल, घटना में इस्तेमाल एक साइकिल और एक मोबाइल फोन बरामद किया है। पूछताछ में आरोपियों ने चोरी की घटना को अंजाम देना स्वीकार किया। मनोज साहू चोरी का माल खरीदकर आगे बेचने का काम करता था। सभी आरोपियों को 20 मई 2026 को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जिला जेल कोरबा भेज दिया गया है। पुलिस का कहना है कि प्रकरण में अन्य संलिप्त आरोपियों की तलाश जारी है। इस कार्रवाई से विद्युत संपत्ति चोरी करने वाले गिरोहों पर लगाम लगने की उम्मीद है। चोरों की इन हरकतों से ग्रामीण बार-बार बिजली बंद होने से परेशान थे।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *